स्थानीय प्रशासन की ओर से इसकी रोकथाम और मच्छरों से निजात की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही

भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ बदलते मौसम के मिजाज और लगातार हो रही बारिश के कारण जैंतगढ़ क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। लगातार हो रही वर्षा की वजह से जहां-तहां जलजमाव हो गया है। लोग मच्छरों से होने वाले संक्रमण से भयभीत हैं। अस्पतालों में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। स्थानीय प्रशासन द्वारा इसकी रोकथाम तथा मच्छरों से निजात की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। मच्छरों का आतंक इस कदर बढ़ा है कि मच्छरों को भगाने वाला क्वायल भी काम नहीं करता है। बिना मच्छरदानी के सोने वाले लोगों को रातभर जाग कर मच्छर ही मारना पड़ता है। घरों में सफाई के बावजूद आलम यह है कि हर घर में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इधर पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में मच्छरों की दवा, डीडीटी और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के कारण जलजमाव वाले स्थानों में ब्लीचिंग पाउडर और डीडीटी का छिड़काव वर्षों से नहीं हो रहा है। सफाई अभियान भी नहीं चलाया जा रहा है। जगह-जगह जलजमाव और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ड्रेनेज नहीं होने के कारण सड़कें नाली बन गई हैं। महावीर मंदिर से ठाकुर बाड़ी चौक तक सड़क पर इस कदर जलजमाव है कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती है। मच्छरों के प्रकोप को कम करने तथा सफाई अभियान पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इधर लोग मच्छरों के प्रकोप से संक्रमण होने, मलेरिया डेंगू जैसे जानलेवा बीमारियों से पीड़ित होने के भय से भयभीत हैं। क्षेत्र के लोगों ने शीघ्र ही ब्लीचिंग पाउडर और डीडीटी का छिड़काव कराने की प्रशासन से मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *