भास्कर न्यूज| चाईबासा राज्य स्तरीय 64वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन बुधवार से प्रारंभ हो गया। आज से 19 जुलाई तक बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम खेलगांव, रांची में मैच खेलें जाएंगे। कोल्हान प्रमंडल से सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट में पश्चिमी सिंहभूम जिले की टीम प्रमंडल का प्रतिनिधित्व कर रही है। तीनों ही वर्गों यानि अंडर 17 ब्वॉयज, अंडर-17 गर्ल्स एवं अंडर-15 ब्वॉयज ने पहले दिन अपने-अपने मैच खेले। अंडर-17 बालक वर्ग में कोल्हान और पलामू के मैच में कोल्हान की टीम ने 1-0 से पलामू प्रमंडल को हराया। कोल्हान की टीम का पूरे मैच के दौरान दबदबा रहा। लेकिन स्कोर के रूप में परिवर्तन एक ही गोल ही कर सके। पलामू की टीम पूरे मैच के दौरान बचाव की मुद्रा में रही। अंडर-15 बालक वर्ग में कोल्हान का मुकाबला उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल से हुआ। कोल्हान की टीम ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए गोल करने का भरसक प्रयास किया। लेकिन दोनों हाफ में दोनों ही टीम ने कोई भी गोल नहीं कर सकी। मुकाबला बराबरी पर रहा। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में कोल्हान का मुकाबला दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडल की टीम से हुआ। जिसमें कोल्हान की टीम 8-0 से हार गई।


