हरित भविष्य के लिए वेटरनरी यूनिवर्सिटी में 1500 पौधे लगाए जाएंगे

भास्कर न्यूज| लुधियाना गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी में ‘आइए एक हरित भविष्य की ओर बढ़ें’ थीम पर पौधरोपण अभियान की शुरुआत हुई। कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने परिसर में पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका बेहद अहम है। भावी पीढ़ियों के लिए धरती की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए हर छात्र, शिक्षक और कर्मचारी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पौधरोपण जैसे अभियानों को अपनी आदत का हिस्सा बनाएं और इस दिशा में निरंतर प्रयास करें। छात्र कल्याण निदेशक और संपत्ति अधिकारी डॉ. सर्वप्रीत सिंह घुम्मन ने बताया कि यूनिवर्सिटी परिसर के अलग-अलग हिस्सों में पौधे लगाए जाएंगे। पहले चरण में जिला वन विभाग से प्राप्त 500 पौधों को रोपा जा रहा है। अगले चरणों में 1000 से ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी यूनिवर्सिटी की लैंडस्केप इकाई को दी गई है। इस दिशा में लैंडस्केपिंग प्रभारी डॉ. हरकीरत सिंह और उनकी टीम अच्छा कार्य कर रही है। डॉ. घुम्मन ने अभियान में सहयोग देने के लिए जिला वन विभाग के अधिकारी राजेश गुलाटी और उनकी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिसर को हरा-भरा और खूबसूरत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सहायक संपत्ति अधिकारी जसकरन सिंह और आयोजन को सफल बनाने वाले सभी हितधारकों का विशेष योगदान रहा। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और स्टाफ मेंबर्स शामिल हुए। सभी ने यूनिवर्सिटी परिसर को हराभरा रखने का संकल्प लिया। लुधियाना|शहर में हरियाली बढ़ाने की बड़ी तैयारी। 19 जुलाई को गुरु नानक भवन में नगर निगम, जिला प्रशासन, वन विभाग और सिटीनीड मिलकर खास कार्यक्रम करेंगे। यह सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगा। शुरुआत पौधरोपण सही तरीका वर्कशॉप से होगी। इसमें छात्रों, वालंटियर्स और इको क्लब सदस्यों को पौधे लगाने के वैज्ञानिक तरीके सिखाए जाएंगे। वर्कशॉप में डॉ. बलविंदर सिंह और डॉ. बृज मोहन भारद्वाज बताएंगे कि स्थानीय पौधे कैसे चुनें। मिट्टी की तैयारी और पौधों की देखभाल के टिप्स देंगे। सीखाएंगे कि पौधरोपण करते समय किन बातों का ध्यान जरूरी है। इसके बाद ग्रीन गार्जियन अवॉर्ड्स 2025 दिए जाएंगे। यह सम्मान उन लोगों और संस्थाओं को मिलेगा जिन्होंने पिछले साल लगाए पौधों की सही देखभाल की। अवार्ड महापौर इंदरजीत कौर, डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन, नगर आयुक्त आदित्य डेचलवाल और सहायक आयुक्त जसदेव सेखों देंगे। कार्यक्रम में ट्री एटीएम 4.0 भी लॉन्च होगा। यह मोबाइल सेवा है। इसके जरिए लोग घर या ऑफिस में मुफ्त पौधरोपण करवा सकेंगे। सेवा में देशी पौधे, औजार और प्रशिक्षित वालंटियर्स मिलेंगे। पौधे लगने के बाद टीम फॉलोअप जांच करेगी। बुकिंग के लिए लिंक https://tinyurl.com/ TreeATM4 जारी किया है। सिटीनीड के मनीत देवान ने बताया कि पिछले साल लगाए पौधों में से 54% जीवित रहे। वहीं, बाउंड्री या फेंसिंग वाले पौधों की सफलता दर 80% रही। इस बार केवल उन्हीं जगह पौधरोपण होगा जहां पानी की सुविधा, देखभाल करने वाला व्यक्ति और सुरक्षा हो। यह अभियान लुधियाना को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने की दिशा में मजबूत कदम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *