भास्कर न्यूज |गढ़वा गढ़वा शहरी प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित विचार विमर्श के लिए उपायुक्त दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला स्तर के विभिन्न पदाधिकारियों व स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्था, अतिक्रमण, यातायात की समस्या आदि से निबटने और शहरों का सौंदर्यीकरण करना था। इसे लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों, चौक चौराहों, मुख्य सड़क और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या, बिजली के खंभे, लटकते इलेक्ट्रिसिटी वायर, कचरा प्रबंधन आदि की स्थिति से अवगत होते हुए उपायुक्त ने गढ़वा शहरी क्षेत्र में मुख्य सड़कों पर डिवाइडर का निर्माण और लाइटनिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए सड़क निर्माण विभाग को निर्देशित किया। स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ झारखंड (एसएचएजे) के पदाधिकारी ने उक्त कार्य को अगले छह महीने के अंदर पूर्ण करने की बात कही। गढ़वा शहर को जाम मुक्त बनाने को लेकर कई आवश्यक सुझावों पर विचार विमर्श करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने व व्यवसायिक प्रयोजन से आने वाले वाहनों में लोडिंग अनलोडिंग का कार्य सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक प्रतिबंधित किया गया। जिले के विभिन्न सीमावर्ती इलाकों से आने वाली भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्तों पर विचार करते हुए विभिन्न चिह्नित किए गए नई जगहों पर चेकपोस्ट/चेकनाका बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही वैकल्पिक रास्तों के लिए वाहन चालकों और अन्य लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक साईनेज, संकेत व आवश्यक जानकारी पोस्टर बैनर के माध्यम से प्रदर्शित करने के लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने नगर भवन स्थित गोविंद हाई स्कूल के मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने, सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण पर रोक लगाने, शहरी क्षेत्र के नदियों को अतिक्रमण मुक्त कराने व साफ-सफाई कराने की बात कही गई। उपायुक्त ने शहरों में अवस्थित बड़े मॉल्स, बड़े दुकान, चिकित्सालय, स्कूल, डिपार्मेंटल स्टोर्स व अन्य प्रतिष्ठानों आदि के संचालकों को ग्राहकों के वाहन की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। मुख्य शहर के बीच अवस्थित खादी बाजार मैदान, तेतरियाटांड़ मैदान आदि को अतिक्रमण मुक्त कराने पर चर्चा की गई। मुख्य सड़क स्थित गढ़देवी मंदिर के पास दिहाड़ी मजदूरों के लिए अन्य स्थान चिन्हित करने के लिए निर्देश दिया गया। नदियों के किनारे अवस्थित ईंट भट्टो को बंद कराने के लिए सदर एसडीओ को निर्देश दिया गया। शहर के चिनियां रोड व पलामू के शंखा से गढ़वा के खजूरी तक निर्माणाधीन सड़क को शीघ्र पूरा करने के लिए कार्यकारी एजेंसी के पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। विभिन्न यात्री बसों को शहर के यत्र-तत्र जगह पर नहीं रोकने सिर्फ बस अड्डे से ही सवारी उठाव करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थान, महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, गढ़वा एसडीओ संजय कुमार, नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ कैनेडी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नीरज कुमार समेत पथ निर्माण, विभाग विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, एनएच के पदाधिकारी, सड़क निर्माण में लगे कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।


