भास्कर न्यूज | कवर्धा अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग धर-पकड़ अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी टीम ने 12 से 17 जुलाई के बीच तीन ठिकानों पर कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनसे कुल 72.1 बल्क लीटर कच्ची और देशी शराब, 390 किलो महुआ लाहन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल बाजार कीमत 79,500 रुपए आंकी गई है। पहली कार्रवाई 12 जुलाई को की गई। आबकारी विभाग की टीम ने सरोदा गांव के पास नाले के किनारे दबिश दी। आरोपी परसादी पिता विष्णु बैगा (31) निवासी सरोदा को पकड़ा। उसके पास से 44 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब, 34 ड्रमों में 390 किलो महुआ लाहन और मोटर साइकिल बरामद की गई। कुल कीमत 73 हजार 900 रुपए आंकी गई। मिट्टी के ढेर में छिपाकर रखी थी 45 पाव शराब दूसरी कार्रवाई 13 जुलाई को ग्राम रवेली में की गई। आरोपी रोशनी बाई चतुर्वेदी (33) अपने घर के पीछे मिट्टी के ढेर में 45 पाव शराब छिपाकर रखी थी। इसे गांव में अवैध तरीके से बेचने के लिए रखा था। सूचना पर टीम ने दबिश देकर अवैध शराब बरामद की। शराब की कीमत 3,600 रुपए बताई गई।


