बम्हनीडीह| विकासखंड के ग्राम चोरिया स्थित देवांगन मोहल्ले में स्कूल जाने का रास्ता बच्चों के लिए खतरनाक बन गया है। दो निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले लगभग 600 से 700 बच्चे रोजाना जिस रास्ते से गुजरते हैं, वह पूरी तरह कीचड़ और जलभराव से भरा हुआ है। बारिश के दौरान बच्चे फिसलकर गिरने लगे हैं। स्थानीय विद्यालय के प्राचार्य ने जलभराव को ठीक करने के लिए ईंटों का मलबा डलवाया, लेकिन इससे स्थिति और बिगड़ गई है। मार्ग में बनी नाली और सीसी रोड का लाभ भी लोगों द्वारा मिट्टी डाल देने और अतिक्रमण के कारण नहीं मिल पा रहा है। पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो चुकी है और शासन-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। छात्रों के पालकों में नाराजगी है कि प्रशासन की चुप्पी और लापरवाही उनके बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। स्थानीय लोगों ने शासन से मांग की है कि मार्ग की मरम्मत और नाली की सफाई तुरंत करवाई जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई के रास्ते में कोई खतरा न हो।


