डीग जिले की कुम्हेर थाना पुलिस ने दिनदहाड़े ATM तोड़कर रुपए चोरी करने की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जब ATM मशीन को तोड़ा तो, यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना अधिकारी बनवारी लाल ने बताया कि 15 अगस्त को नाहर सिंह निवासी नगला दांदू ने इस्तगासा के जरिए FIR दर्ज करवाते हुए बताया था कि उसकी पैंगौर बस स्टैंड पर एक दुकान है। उसकी दूसरी दुकान में एक ATM मशीन लगी हुई है। जिसे दिन दहाड़े तोड़कर उसमें से रुपए निकालने की कोशिश की गई है। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ATM मशीन को काफी नुकसान हुआ है। आरोपी ATM मशीन को तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पहले भी किसी ने ATM मशीन को तोड़ने की कोशिश की थी। उस घटना की भी FIR दर्ज करवाई थी लेकिन, आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका था। 15 अगस्त को हुई FIR के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।


