भास्कर न्यूज | देवरीबंगला डौडीलोहारा विकासखंड के ग्राम गहिरा नवागांव में आंगनबाड़ी भवन की हालत खराब हो गई है। छत और दीवारों से पानी टपक रहा है। कई जगह प्लास्टर गिर चुका है। भवन में बच्चों का बैठना भी मुश्किल हो गया है। पंचायत ने सोमवार को भवन में ताला लगाने का निर्णय लिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पंचायत से वैकल्पिक भवन की व्यवस्था करने को कहा था। सरपंच रामबली तारम और उप सरपंच नरेंद्र सहारे ने बताया कि आंगनबाड़ी भवन क्रमांक 1 पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इसकी जानकारी विभाग और जनप्रतिनिधियों को दी गई है। इसके बावजूद अब तक नया भवन बनाने की कोई पहल नहीं हुई है। भवन 25 साल से ज्यादा हो चुकी है। एक बार इसकी मरम्मत कराई गई थी, लेकिन अब हालत फिर से खराब हो गई है। बाउंड्रीवॉल भी कमजोर हो चुकी है। दीवारें गीली रहने से करंट लगने का खतरा बना रहता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेमलता साहू ने बताया कि केंद्र में 21 बच्चे पंजीकृत हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ग्राम पंचायत ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। अब आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार से सामुदायिक भवन में संचालित किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक नया भवन नहीं बनता, तब तक बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ही रखा जाएगा।


