400 पौधे रोपकर सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएगा डौंडी का एकता व्यापारी संघ

भास्कर न्यूज | डौंडी नगर पंचायत डौंडी के एकता व्यापारी संघ 20 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 400 पौधे लगाएगा। यह अभियान प्रभारी मंत्री विजय शर्मा और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में चलेगा। गुरुवार को संघ के सदस्यों ने स्थल का निरीक्षण किया। अभियान को सफल बनाने की बात कही। संघ अध्यक्ष ओम गोलछा ने कहा कि यह सिर्फ पौधरोपण नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक संकल्प है। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी भविष्य देने की कोशिश है। व्यापारी शासन द्वारा दिए गए स्थल पर पौधे लगाएंगे। तार फेंसिंग और अन्य खर्च की पूरी जिम्मेदारी संघ ने ली है। भाजपा जिला प्रतिनिधि मनीष झा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि मातृत्व की भावना को प्रकृति से जोड़ना है। सभी प्रतिभागियों ने मां के सम्मान में एक-एक पौधा लगाकर संकल्प लिया कि वे इन पौधों की देखभाल उसी तरह करेंगे जैसे मां अपने बच्चों की करती है। अनुपयोगी स्थल पर पौधरोपण किया जाएगा: मंडल उपाध्यक्ष राजेन्द्र नाहर ने कहा कि यह अभियान एक नई सामाजिक चेतना का निर्माण है। अनुपयोगी स्थल पर पौधरोपण करना सौभाग्य की बात है। संघ के सचिव कमलेश गुणधर ने कहा कि सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और छात्रों को आगे आना चाहिए। निरीक्षण के दौरान अशोक शिवहरे, रुपेश ढेलड़िया, संतोष ढेलड़िया, पूनम कोठारी, तेजस जैन, दद्दू जायसवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *