अमृतसर में 24 घंटों के भीतर फायरिंग की दूसरी घटना सामने आई है। शनिवार सुबह गुरु की वडाली इलाके में स्थित मान आटा चक्की को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाई गईं। चक्की मालिक लखविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि हमला नशा तस्कर सुखजीत सिंह मिंटू ने किया, जो पहले भी तीन बार उनकी दुकान पर हमला कर चुका है। लखविंदर के मुताबिक, एक पुराने झगड़े की पुलिस जांच में CCTV फुटेज लेने से मिंटू उनसे रंजिश रखने लगा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुबह 5 बजे की फायरिंग शनिवार सुबह लगभग 5 बजे मिंटू अपनी कार में आया और चक्की पर दो फायर करने के बाद मौके से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मौके से एक खोल बरामद कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी पक्ष ने फंसाने के लगाए आरोप हालांकि, दूसरी ओर मिंटू की पत्नी राजबीर कौर ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए दावा किया है कि लखविंदर सिंह ने उनके पति को फंसाने की साजिश रची है। उन्होंने आरोप लगाया कि लखविंदर ने पहले मिंटू को गालियां दीं और फिर खुद पर झूठी चोट लगवाकर फर्जी फायरिंग की शिकायत दर्ज करवाई। उनका कहना है कि मिंटू कुछ दिनों से शहर से बाहर है और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर कर रही कार्रवाई इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है। दो दिन पहले भी मिंटू द्वारा लखविंदर सिंह पर हमला करने की घटना सामने आई थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।


