पंजाब में जालंधर के फिल्लौर के पास स्थित समरारी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किसान ने अपने खेत में कपड़े में लिपटा हुआ एक नवजात शिशु (बेटा) का शव को देखा। यह बच्चा मृत अवस्था में था और उसके शरीर पर कोई हलचल नहीं थी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि किसी ने जन्म के तुरंत बाद नवजात की हत्या कर दी और कपड़े में लपेटकर खेत में फेंक दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल फिल्लौर (जालंधर) की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। चौकी आपरा की पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची गांव के एक किसान ने बताया कि जब वह सुबह अपने खेतों में काम करने जा रहा था तो उसने देखा कि कपड़े का एक गट्ठर खेत में पड़ा हुआ है। पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात लड़का था, जो पूरी तरह से कपड़े में लिपटा हुआ था और उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही आपरा पुलिस चौकी से निर्मल सिंह की टीम मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस ने बताया कि यह स्पष्ट है कि किसी महिला ने अवैध गर्भधारण के बाद बच्चे को जन्म देकर मार दिया और खेत में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गांव के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी महिला और उसके साथियों का पता लगाया जा सके। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में दुख और आक्रोश का माहौल है।


