पलामू के शहर थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन रोड स्थित मेजर मोड़ पर सोमवार सुबह एक बुजुर्ग महिला से जेवर लूट की वारदात सामने आई है। शिव मंदिर से पूजा कर लौट रही महिला को चार बदमाशों ने निशाना बनाया। घटना सुबह 8:30 बजे की है। दो बाइक सवार और दो पैदल युवकों ने महिला का पीछा किया। सुनसान गली में एक युवक ने होम्योपैथिक दवा दुकान का पता पूछा। उसने खुद को वृंदावन से बताया। इसी दौरान अन्य बदमाशों ने महिला का मुंह और गला दबाकर केमिकल सुंघा दिया। सभी जेवर सोने के थे महिला के बेहोश होने पर बदमाश उसके गले की चेन, हाथ की दो अंगूठियां और कान की बालियां लेकर फरार हो गए। सभी जेवर सोने के थे, जिनकी कीमत लगभग तीन लाख रुपए है। होश आने पर पीड़िता किसी तरह रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंची। उनके बेटे अरविंद तिवारी ने बताया कि वह सुबह 8 बजे अपनी मां को स्कूटी से मंदिर छोड़कर आए थे। मां ने पैदल लौटने की बात कही थी। पीड़ित परिवार ने शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के अनुसार, अपराधियों की पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


