जामताड़ा पुलिस ने एक अपहरण गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के दुबराजपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिन्दापाथर थाना क्षेत्र में 14 जुलाई 2025 को हुई अपहरण की घटना में कुछ लोगों ने खुद को पुलिस बताकर एक युवक का अपहरण कर लिया था। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर युवक को सकुशल बरामद कर लिया। एसपी राजकुमार मेहता के अनुसार, एसडीपीओ नाला के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जांच के बाद गिरोह का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार आरोपी अजीज अब्दुल उर्फ शेख गुलाम और इयार हुसैन उर्फ काला खान ने पूछताछ में बताया कि वे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और गांवों से साइबर अपराधियों और उनके परिवार वालों का अपहरण कर फिरौती मांगते थे। पुलिस ने आरोपियों से एक सफेद बोलेरो, चार केमोफ्लाज टी-शर्ट, एक ट्राउजर, दो मोबाइल फोन और 8,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में विकास कुमार यादव, चन्दन कुमार तिवारी, राकेश कुमार, संतोष कुमार सिंह, गिरीश टुडू, सब्बीर सिद्दीकी और आरक्षी सुधीर कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की।


