बरनाला में एक महिला ने पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देने का झांसा देकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महिला ने दो घरों की महिलाओं को नशीला पदार्थ सुंघाकर तीन तोला सोना और आठ तोला चांदी के गहने चुरा लिए। घटना ठुल्लीवाल थाना क्षेत्र के मनाल गांव की है। पीड़ित कुलबीर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले एक महिला उनके घर आई थी। उसने उनकी बहू रीना कौर और नीसू कौर से पुराने बर्तन लेकर नए बर्तन दिए। कुछ दिन बाद वह फिर आई और महिलाओं को नशीला पदार्थ सुंघाकर कीमती गहने चुरा ले गई। चोरी हुए गहनों में आधा तोले का छाप, आधा तोले का कांटा, आठ तोले की पायल और मंगलसूत्र शामिल हैं। इसी महिला ने दूसरे घर में भी वारदात को अंजाम दिया। वहां से रेखा कौर के आधा तोले सोने की बालियां और चांदी की पायल चुरा ली। घटना के समय घरों में पुरुष मजदूरी पर गए हुए थे और केवल महिलाएं मौजूद थीं। ठुल्लीवाल थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से गांवों में बर्तन बेचने आने वाली महिलाओं की जांच करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।


