लुधियाना | चोरों ने न्यू शक्ति नगर इलाके की एक फैक्ट्री को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फैक्ट्री की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। घटना 8 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे की है। चोरों ने बड़ी चालाकी से महावीर इंस्पेक्स फैक्ट्री में सेंध लगाई और वहां से थान कपड़ा, दो लैपटॉप , एक एलसीडी, वेट मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। फैक्ट्री मालिक अरुण गुप्ता ने बताया कि रोज की तरह उन्होंने फैक्ट्री को रात में बंद किया था। लेकिन जब सुबह पहुंचे तो पिछली दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखा सामान गायब था। चोर फैक्ट्री से सामान उठाकर करीब 100-125 मीटर तक पैदल ले गए। सूचना मिलने पर थाना टिब्बा से जांच अधिकारी संदीप मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


