भास्कर न्यूज। लुधियाना। मानसून का मौसम जहां राहत और ताजगी लेकर आता है, वहीं यह बालों के लिए कई समस्याएं भी खड़ी कर देता है। उनमें से एक आम समस्या है डैंड्रफ यानी रूसी। इस मौसम में हवा में नमी ज्यादा होने के कारण स्कैल्प पर फंगस जल्दी पनपने लगती है, जिससे डैंड्रफ बढ़ जाता है। लगातार खुजली, सफेद पपड़ियां और बालों का झड़ना ये इसके सामान्य लक्षण हैं। अच्छी बात ये है कि कुछ आसान और असरदार घरेलू उपाय अपनाकर आप मानसून में डैंड्रफ की समस्या को कम कर सकते हैं। डैंड्रफ मानसून का आम असर है, लेकिन अगर समय रहते ध्यान दिया जाए तो इससे आसानी से निपटा जा सकता है। घरेलू उपायों के साथ-साथ संतुलित आहार और स्कैल्प की सफाई भी बेहद जरूरी है। {नीम का तेल या पेस्ट : नीम में एंटी फंगल और एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो स्कैल्प को संक्रमण से बचाते हैं। नीम की पत्तियों को पीसकर पेस्ट बनाएं और स्कैल्प पर लगाएं। आप चाहें तो नीम के तेल को गर्म करके भी सिर की मालिश कर सकते हैं। {एलोवेरा जेल : एलोवेरा स्कैल्प को ठंडक देता है और खुजली को शांत करता है। इसके नियमित इस्तेमाल से डैंड्रफ कम होता है। नहाने से 30 मिनट पहले ताजे एलोवेरा जेल को स्कैल्प पर लगाएं और फिर माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें। {दही और नींबू : दही में प्री बायोटिक्स होते हैं जो फंगल ग्रोथ को कंट्रोल करते हैं, जबकि नींबू स्कैल्प की सफाई करता है। आधा कप दही में एक चम्मच नींबू मिलाकर लगाएं और 20 मिनट बाद धो लें।


