लुधियाना| पूर्व सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के पूर्व पीए कुलदीप सिंह मुंडिया हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। इस केस के मुख्य आरोपी इंदरपाल सिंह उर्फ लकी ने 18 जुलाई को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है। थाना सदर की एसएचओ अवनीत कौर ने बताया कि मृतक कुलदीप सिंह की दो शादियां हुई थीं और पहली पत्नी से उसका एक बेटा करन है। परिजनों के मुताबिक करन अपने पिता के साथ नहीं बल्कि आरोपी इंदरपाल सिंह उर्फ लकी के साथ ही रहता था। इसी बात को लेकर कई बार दोनों के बीच झगड़े भी हो चुके थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी लकी ने माना कि बेटे को लेकर चल रहे विवाद के चलते उसने कुलदीप की हत्या की साजिश रची। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने आर्थिक रूप से कमजोर युवकों को 4 लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या के लिए तैयार किया। 27 जून को कुलदीप सिंह जब अपने फार्महाउस से निकले, तो पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर तलवारों से हमला कर दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। हत्या के 18 दिन बाद जम्मू पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लुधियाना पुलिस को सौंपा था। अब मुख्य आरोपी लकी के सरेंडर के बाद अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


