भास्कर न्यूज| सरायकेला नीमडीह थाना अंतर्गत एनएच-32 पितकी गांव के पास बाबाधाम जा रही एक कार व ट्रक की भिड़ंत हो गई। जिससे कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मंगलवार सुबह की है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग पहुंचे और इसकी सूचना नीमडीह व चांडिल थाना व एंबुलेंस को दी। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को ऑटो से चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल भेजवाया। जहां से बेहतर इलाज को लेकर घायलों को एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया गया। मृतक को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया। कार सवारों की पहचान ओडिशा के बरगड़ जिला के बरबली थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय संजय मिहिर के रूप में हुई है। कार पर सवार सभी लोग दोस्त थे, जो बाबाधाम जा रहे थे।


