भूपेश के बेटे कौन से पद पर हैं जो कांग्रेस प्रदर्शन कर रही: मिंज

भास्कर न्यूज |अंबिकापुर संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने प्रेसवार्ता की। विधायक मिंज ने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का पार्टी में क्या पद है। जिस व्यक्ति का पार्टी में कोई पद नहीं, उसके लिए पूरी कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। इसका मतलब है कि भूपेश बघेल ने पूरी कांग्रेस को पुत्र मोह में झोंक दिया है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई उदाहरण हैं, जब पुत्र मोह में लोग खुद को और अपने साम्राज्य को बर्बाद कर बैठे। भूपेश बघेल भी उसी राह पर हैं। मिंज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए जनता को परेशान कर रही है। इससे आर्थिक नुकसान भी हो रहा है, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी। कोल ब्लॉक आवंटन को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भूपेश बघेल का झूठ उजागर हो गया है। भाजपा ने दस्तावेजों के साथ कांग्रेस के झूठ को बेनकाब किया है। उन्होंने कहा कि शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी घोटालों में प्रदेश के संसाधनों की लूट हुई। अब आरोपी जेल जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *