भास्कर न्यूज | पटना सदस्यता सत्यापन में भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ ने एक बार फिर बाजी मारी। भारतीय मजदूर संघ से जुड़े इस संगठन को कुल 1437 मत मिले। हिंद मजदूर सभा को 1086 वोट मिले। झिलमिली उपक्षेत्र में बीएमएस को 480 और एचएमएस को 325 वोट मिले। चर्चा आरओ में बीएमएस को 716 और एचएमएस को 362 मत प्राप्त हुए। श्रमिकों की घटती संख्या के बावजूद बीएमएस ने 2024 में अपने रिकॉर्ड को और बेहतर किया। इससे संगठन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ। इस मौके पर बीकेकेएमएस के केंद्रीय महामंत्री और एबीकेएमएस के राष्ट्रीय महामंत्री सुजीत सिंह ने डीजे के साथ रैली निकाली। महामंत्री ने श्रमिक कालोनियों की गंदगी और क्वार्टरों की जर्जर हालत पर नाराजगी जताई। प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। पूर्व एसईसीएल कंपनी सुरक्षा समिति सदस्य शिवकुमार दुबे ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को लेकर प्रबंधन पर दबाव बनाया जाएगा। कार्यक्रम में जेसीसी सदस्य लक्ष्मी प्रसाद, रामजी पांडे, आर.के. मंडल, विनय श्रीवास्तव, उमाकांत शुक्ला समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में भरत लाल गुप्ता के जन्मदिन पर महामंत्री ने उन्हें अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का आभार उपक्षेत्रीय जेसीसी सदस्य राजकुमार सिंह ने व्यक्त किया।


