भास्कर न्यूज | सूरजपुर श्रावण मास में केतका जंगल मार्ग से देवगढ़ धाम जा रहे कांवरियों की सेवा में सूरजपुर के सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह अल्पाहार, जलपान और विश्राम की व्यवस्था की गई। मां शारदा सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, नमदगिरी रोड सूरजपुर ने छुईमोड़ केतका जंगल में ब्रेड पकोड़ा, चाय, कोलड्रिंक, फल, बिस्किट और दवाइयों की सेवा दी। समिति के सदस्य सेवा में सक्रिय रहे। श्री श्याम सेवा समिति सूरजपुर ने मीठा शरबत, नींबू पानी और ठंडे पानी की व्यवस्था की। इससे राहगीरों को गर्मी में राहत मिली। श्री सवारियां सेठ सेवा समिति सूरजपुर ने परसानाला मोड़ के पास पोहा, चाय, बिस्किट और पानी पाउच बांटे। श्री नव युवक जागृति मंच मंदिर पारा सूरजपुर ने बेलटिकरी चौक पर कांवरियों को पुड़ी, आलू-चना की सब्जी, बूंदी, भुजिया और पानी दिया। व्यापारी संघ देवनगर समिति ने शिवरिया धाम केतका में आलू चाप, ब्रेड पकोड़ा, पोहा, जलेबी, चाय और पानी की सेवा दी। मैसर्स बैजनाथ अग्रवाल, नेहरू पार्क रोड ने बालक आश्रम केतका में मसाला पुड़ी, छोला, बालूशाही, भजिया, चाय और ठंडा पानी की व्यवस्था की। मैसर्स घीसूराम विजय कुमार अग्रवाल, शंकर लाज सूरजपुर ने हाई स्कूल ग्राउंड में पुड़ी, कढ़ी पकोड़ा, चावल, चटनी और बूंदी खिलाकर कांवरियों की थकान दूर की। कांवरियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।


