झारखंड में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने झारखंड में 28 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, ’24 जुलाई यानी आज 10 जिलों में बारिश की संभावना है। रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर और दुमका में भारी बारिश की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट 25 जुलाई को इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में तेज हवा और वज्रपात के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, कोडरमा, दुमका, साहेबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में वज्रपात और मध्यम दर्जे की बारिश के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 जुलाई को भी भारी बारिश की चेतावनी 26 जुलाई को रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। 27 जुलाई को लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, गढ़वा और पलामू में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जुलाई को भी ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। अब तक सामान्य से अधिक वर्षा इस बीच बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा बोकारो में 11 मिमी दर्ज की गई। रांची में दिन में हल्की और शाम को तेज बारिश हुई, जिससे कुल 5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। देर रात चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और रांची में भी बारिश हुई। 1 जून से 24 जुलाई तक राज्य में कुल 647.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य वर्षापात 426 मिमी है। यानी झारखंड में अब तक 52 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। हालांकि लगातार बारिश के बावजूद राज्य में अब तक केवल 13 से 15 प्रतिशत ही धनरोपनी हो पाई है, जिससे खेती प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।


