पलामू जिले में सांप के काटने से दो महिलाओं की हालत बिगड़ गई। इनमें से एक नवविवाहिता की मौत हो गई जबकि दूसरी महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। चार माह पहले हुई थी शादी विश्रामपुर थाना क्षेत्र के वंदला गांव में बुधवार रात एक जहरीले सांप ने 30 वर्षीय कृति देवी को सोते समय काट लिया। कृति की शादी सूरज रजवार से मात्र चार महीने पहले हुई थी। परिजनों ने उसे पहले विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। गुरुवार को कृति को एमएमसीएच में भर्ती कराया गया। कुछ देर इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। परिजन पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही शव घर ले गए। कृति के परिजन भरदूल रजवार ने बताया कि कृति कमरे में अकेले सोई हुई थी जब सांप ने उसे काटा। परिजन झाड़-फूंक कराते रहे दूसरी घटना में नावाबाजार प्रखंड के तुकबेरा गांव की 45 वर्षीया विमला देवी को भी सांप ने डस लिया। विमला कमरे में सो रही थी जब जहरीले सांप ने उसे काट लिया। शुरू में परिजन झाड़-फूंक कराते रहे। जब उसकी स्थिति बिगड़ने लगी तो गुरुवार दोपहर एक बजे उसे एमएमसीएच में भर्ती कराया गया। एमएमसीएच में प्रारंभिक इलाज के बाद सुधार न होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए तुंबागाड़ा के नवजीवन अस्पताल ले गए। विमला देवी की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।


