सिटी रिपोर्टर | बोकारो सावन माह के तीसरे सोमवार को चास-बोकारो के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 4 बजे से ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई। महादेव के दर्शन के लिए महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में गजब का उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाकर शिव का रुद्राभिषेक किया। शहर के राम मंदिर शिवालय, सेक्टर-3 प्राचीन शिव मंदिर, नवनाथ मंदिर सेक्टर-9, सेक्टर-12 शिवालय, सेक्टर-6 निरंजन नाथ मंदिर, सेक्टर-2 नर्मदेश्वर मंदिर, दुंदीबाद शिव मंदिर, रेलवे कॉलोनी, कुर्मीडीह शिव मंदिर, सेक्टर-4 शिव मंदिर, को-ऑपरेटिव कॉलोनी त्रिवेणी धाम और चास के मंदिरों में सबसे अधिक भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों से प्रशासन निगरानी करते रहे। वहीं अधिक भीड़ वाले मंदिरों में प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग की गई थी। जगह-जगह पुलिस बल और स्वयं सेवक तैनात रहे। जिले में शिवमय माहौल, लगता रहा जयकारा भक्तों ने बोल बम, हर-हर महादेव के जयकारे लगाए और शिव भजन गाते हुए मंदिर परिसर पहुंचे। शहर में माहौल पूरी तरह शिवमय रहा। दिन भर मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। राम मंदिर शिवालय में पुजारी द्वारा रूद्राभिषेक और जलाभिषेक किया गया। वहीं शाम को शिवालयों में भजन कीर्तन और आरती होती रही। पंडित अखिलेश ओझा ने कहा कि सावन के सोमवार को शिव की पूजा से विशेष कृपा मिलती है। सावन के सोमवार को भोलेनाथ की पूजा से सभी दुख दूर होते हैं। सावन में व्रत रखकर सोमवार को शिवलिंग पर जल चढ़ाने से मनोकामना पूरी होती है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा की और शिवचर्चा में भाग लिया।


