लुधियाना| रविवार देर रात सुंदर नगर इलाके में चोरों ने एक पान भंडार को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना रात करीब 3 बजे की है, जिसका खुलासा सुबह टहलने निकले लोगों ने किया। पीड़ित शंकर लाल ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब 6 बजे आसपास के दुकानदारों ने फोन करके बताया कि उसकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। शंकर लाल तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटर उखड़ा पड़ा था और अंदर का सामान बुरी तरह बिखरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें तीन संदिग्ध युवक दुकान का शटर तोड़ते और सामान चुराते नजर आए। चोर दुकान से महंगी सिगरेट के पैकेट और 10 हजार नकद लेकर फरार हो गए। वारदात की सूचना तुरंत थाना दरेसी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।


