भास्कर न्यूज | महासमुंद लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए रेलवे फाटकों की अब कोई अहमियत नहीं रह गई है। नियमों को दरकिनार कर लोग फाटक बंद होने पर जान जोखिम में डालकर ट्रैक को पार रहे हैं। ये लोग जान की परवाह किए बिना व पुलिस के डर को किनारे रख दिया है। शहर के तुमगांव मार्ग के रेलवे फाटक में ऐसा मंजर दिन में कई बार देखने को मिल जाता है। वहीं रेलवे कर्मचारी के आंखों के सामने लोग ट्रैक पार कर जाते है और कर्मचारी बस नजारा देखते रहते है किसी प्रकार की रोक टोक नही करते। तुमगांव मार्ग में क्रॉसिंग में रेलवे के कर्मचारी रेल आने जाने पर फाटक बंद तो कर देते है, लेकिन लोग जल्दबाजी में अपनी जान जोखिम में डालकर बंद फाटक के नीचे से रेलवे लाइन पार करने से बाज नहीं आते। लोग नियमों को ताक पर रखकर निडर होकर बंद फाटक को पार करते रहते है। कई बार तो रेल समीप होने पर भी वे फाटक को पार करने से परहेज नहीं करते और रेलवे कर्मचारी भी मंजर देखते रहते है। नियमों को ताक पर रखकर दिनभर कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ न ही स्थानीय प्रशासन कुछ करने के मूड में नजर आ रहा है और न ही रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम उठाए जा रहे है।


