भास्कर न्यूज | अमृतसर साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के छोटे साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के लासानी शहादत को समर्पित भाजपा जिला दफ्तर शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में जिला प्रमुख हरविंदर सिंह संधू की अगुवाई में फिल्म ‘चार साहिबजादे’ दिखाई गई। इस मौके पर पूर्व सांसद श्वेत मलिक, सेंट्रल यूनिवर्सिटी हिमाचल प्रदेश के चांसलर डॉ. हरमोहिंदर सिंह बेदी, राकेश गिल, डॉ. राम चावला, कुमार अमित, हरजिंदर सिंह ठेकेदार, जिला महासचिव सलिल कपूर, मनीष शर्मा, डॉ. जसविंदर सिंह ढिल्लों, गुरप्रताप सिंह टिक्का, जसपाल सिंह शंटू, सतपाल डोगरा, मनीष शूर आदि मौजूद थे। इस मौके पर असमीन कौर तथा असीस प्रीत कौर ने साहिबजादों की शहादत से संबंधी कविताएं सुनाईं। वहीं दूसरी तरफ संगत के लिए दूध का लंगर भी लगाया गया। डॉ. बेदी ने फिल्म के समापन के बाद कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार की कुर्बानियां कभी भी भुलाई नहीं जा सकती। उन्होंने कहा कि गुरु जी तथा उनके परिवार की शहादत अद्वितीय है और यह सदा हम सब के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि साहिबजादों की शहादत की कहानी हमें अपने बच्चों को सुनानी चाहिए, ताकि उन्हें भी गुरु जी तथा उनके परिवार की शहादत के बारे में जानकारी हासिल हो। संधू ने कहा कि गुरु साहिब के परिवार ने हिंदू धर्म की रक्षा के लिए बलिदान दे दिया, दो पुत्र मुगलों से युद्ध करते हुए शहीद हुए और दो साहिबजादों को माता गुजर कौर जी के सामने जिंदा दीवार में चिनवा दिया गया। छोटे साहिबजादों के साथ-साथ बाबा मोती राम मेहरा तथा उनके परिवार के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।


