भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना अजनाला की पुलिस ने 2 किलो हेरोइन और 1.40 लाख की ड्रग मनी सहित एक तस्कर को काबू किया है जबकि दूसरा फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरमन सिंह (20) निवासी बाबा बकाला साहिब के रूप में हुई है। जबकि दूसरा आरोपी शमशेर सिंह (21) निवासी बाबा बकाला साहिब फरार है। एसएसपी देहाती चरणजीत सिंह ने बताया कि वीरवार को गुप्त सूचना मिली थी कि अजनाला की ओर से बाइक सवार 2 युवक आ रहे हैं, जिनके पास हेरोइन की खेप हैं। पुलिस ने मेहल बुखारी में नाकाबंदी करके बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया तो आरोपी बाइक फेंककर खेतों के रास्ते भाग गए। पुलिस ने तकरीबन 100 मीटर पीछा कर एक आरोपी हरमन सिंह को काबू किया, जबकि दूसरा शमशेर सिंह फरार हो गया। आरोपी हरमन के पास से एक बैग बरामद किया, तालाशी लेने पर 2 किलो 16 ग्राम हेरोइन और 1.40 लाख की ड्रग मनी बरामद की गई। अजनाला बार्डर एरिया में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए यह खेप भेजी गई थी, जिसे आरोपी सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। पकड़े गए आरोपी हरमन के खिलाफ 2022 में पहले से स्नैचिंग-लूटपाट का केस दर्ज हैं। आरोपी कोई काम नहीं करते हैं। मामला दर्ज करने के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


