बीकानेर जेल से फरार बंदी नौ साल बाद गिरफ्तार:मंडावर में हत्या करके पैरोल से फरार हुआ, हरियाणा में बन गया साधु

मंडावर क्षेत्र में कार लूट और एक शख्स की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार युवक करीब नौ साल पहले बीकानेर सेंट्रल जेल से फरार हो गया था। बीकानेर पुलिस ने अब उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बंदी राजेश कुमार जाट पर दस हजार रुपए का इनाम था। बीकानेर पुलिस की टीम ने सतनाली (हरियाणा) जिला भिवाणी में प्रभातनाथ आश्रम से अभियुक्त राजेश कुमार जाट को गिरफ्तार कर लिया। 55 साल का राजेश मूल रूप से भिवानी हरियाणा का रहने वाला था। ये इस आश्रम में साधु सज्जननाथ बनकर फरारी काट रहा था। उसे एसटीएफ सतनाली हरियाणा के सहयोग से बीकानेर पुलिस ने धरदबोचा है। बीकानेर पुलिस को इनपुट मिला था कि राजेश अब हरियाणा में साधु बनकर फरारी काट रहा है। वर्ष 2005 में मण्डावर के पास माग गुर्जर नामक युवक की हत्या कर उसकी कार लूटकर ले गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 397 के तहत मामला दर्ज हुआ। उसे गिरफ्तार कर आरोप पत्र थाना किशनगढ बास अलवर ने पेश किया था। ADJ फास्ट ट्रेक नं.01 जयपुर से उसे आजीवन कारावास की सजा मिली। जिसके बाद केन्द्रीय कारागृह बीकानेर में सजा काट रहा था। केन्द्रीय कारागृह बीकानेर से पैरोल पर वर्ष 2015 में रिहा हुआ। तय तारीख पर वो वापस जेल नहीं पहुंचा। इस पर पैरोल से फरार होने का मामला यहां बीछवाल थाने में दर्ज कराया गया। बीकानेर सेंट्रल जेल अधीक्षक के निर्देशन में उसकी तलाश बीछवाल पुलिस ने की लेकिन वो नहीं मिला। फरारी में नहीं मिलने पर आरोपी राजेश कुमार के विरुद्ध धारा 299 दण्ड प्रक्रिया संहिता में आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया गया था। अब वापस उसके बारे में पुलिस को इनपुट मिला कि वो हरियाणा के किसी आश्रम में साधु बनकर रह रहा है। इस पर बीकानेर पुलिस ने हरियाणा पुलिस से सहयोग लेकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *