दुर्ग जिले में सोमवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसे में 2 युवाओं की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। मामला वैशाली नगर थाना और जामुल थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि, तेज रफ्तार बाइक रॉन्ग साइड से आते समय स्कूटी से टकरा गई। वहीं, एक बाइक सामने से आ रही कार से भिड़ गई। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पहला हादसा: बाइक से टकराई स्कूटी जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार दो दोस्त तालपुरी निवासी सदान अली और उसका साथी सीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकेंड ईयर के छात्र थे। अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान वैशाली नगर के इंदु आई.टी. स्कूल के पास कुरूद की ओर से रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार बाइक (जिसमें मोहित बघेल और वासु ठाकुर सवार थे) ने स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि, चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। उन्हें तुरंत शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सदान अली की मौत हो गई। उसका साथी अभी अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दूसरा हादसा: कार से भिड़ी बाइक दूसरा हादसा जामुल थाना क्षेत्र के एमपीबी विश्वकर्मा चौक के पास हुआ, जहां पल्सर बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार डिजायर कार से टकरा गए। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उस पर सवार युवक करण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। करण सिंह जामुल निवासी था। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका भी इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों ही मामले एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार जैसे कारण इन दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने युवाओं से ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की है।


