भास्कर न्यूज| दंतेवाड़ा शहीद महेंद्र कर्मा की 76 वीं जयंती मंगलवार को मनाई गई। इस मौके पर उनके गृहग्राम फरसपाल में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक देवती महेंद्र कर्मा द्वारा स्व. महेंद्र कर्मा की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्व. कर्मा के सुपुत्र वरिष्ठ नेता छविंद्र कर्मा, सुपुत्री जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा, सुलोचना कर्मा ने भी उनकी शहादत को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं गायत्री मंदिर स्थित शहीद महेंद्र कर्मा की प्रतिमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्व. कर्मा के दिखाए हुए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व विधायक देवती कर्मा ने कहा कि बस्तर में शांति-बहाली के लिए स्व. कर्मा ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए वे सदैव लड़ते रहे। शहीद महेंद्र कर्मा का जीवन हम सभी को अपने अधिकारों की रक्षा में प्रतिबद्ध रहने की प्ररेणा देता है। स्व शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती पर तुलिका कर्मा सक्षम के बच्चों के बीच पहुंची। यहां पहुंच उन्होंने सक्षम के बच्चों को भोजन कराया साथ ही स्व.कर्मा की याद में टिफिन बॉक्स का वितरण किया।


