भास्कर न्यूज| सरायकेला जिला कृषि पदाधिकारी एवं आत्मा के निदेशक के रूप में रोशन नीलकमल ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो से प्रभार ग्रहण किया। रोशन नीलकमल उद्यान निदेशालय रांची से यहां स्थानांतरित किए गए हैं। जबकि निवर्तमान जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो को सिमडेगा जिला स्थानांतरित किया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल ने बताया कि किसानों के लिए हितकारी सरकार की सभी योजनाओं को उपायुक्त के मार्गदर्शन में प्राथमिकता के साथ ससमय धरातल पर उतारना उनकी जिम्मेदारी रहेगी। साथ ही फील्ड विजिट के दौरान किसानों की समस्याओं को दूर करने और उनकी आवश्यकताओं को उपलब्ध संसाधनों के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। कृषि क्षेत्र में जिले को अव्वल स्थापित करने के लिए टीमवर्क के साथ काम किया जाएगा। इस अवसर पर आत्मा उपनिदेशक विजय कुमार सिंह, जिला कृषि विभाग के कार्यालय सहायक विजय कुमार एवं मुकेश कुमार सहित कार्यालय के सभी कर्मियों ने सादगी के साथ नवपदस्थापित जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल का सादगीपूर्ण स्वागत किया।


