जहरीले पदार्थ का सेवन करने से एक युवक की तबीयत खराब हो गई। उसने परिजनों को फोन कर सूचना दी। इस पर परिजनों ने 24 दिसंबर को उसे झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक एमपी का रहने वाला था। झालावाड़ अस्पताल में परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ज्ञान सिंह (32) पुत्र राम सिंह वर्मा निवासी सेमलीकला पुलिस थाना भोजपुर एमपी प्रतिदिन खिलचीपुर मजदूरी करने जाता था। इसी बीच उसने शाम को अपने परिजनों को फोन पर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे लेने आ जाएं। इस पर उसे लेने उसका साला बाइक से मौके पर पहुंचा। वह उसे बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले जा रहा था तब पीड़ित ने बताया कि उसने जहरीली दवा का सेवन कर लिया है। इस पर पास के अस्पताल खिलचीपुर लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ अस्पताल भेज दिया। वहां भी तबीयत में कोई सुधार नहीं होने पर उसकी हालत को देखते हुए झालावाड़ अस्पताल में 24 दिसंबर को भर्ती कराया था। इस पर इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर संदिग्ध अवस्था में मौत होने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


