भास्कर न्यूज | चाईबासा चाईबासा के जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सामान की आपूर्ति के टेंडर के दौरान हंगामा मचाने और सरकारी कर्मियों को धमकी देने के मामले में दो एजेंसी के मालिकों पर मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कराया है। सनहा के मुताबिक सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने एवं अधोहस्ताक्षरी व कार्यालय कर्मियों को धमकाने तथा दुर्व्यव्यवहार करने के कारण सनहा दर्ज किया गया है। लिखा है कि 2 अगस्त को लगभग 2 बजे अपराह्न जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जिलान्तर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं अन्य निविदा कार्य प्रक्रियाधीन था। उसी क्रम में चंदन कुमार, जोहार इंटरप्राइजेज ट्रेडर, पता न्यू कॉलोनी, गांधीटोला, नजदीक संतोषी मंदिर, चाईबासा तथा गोविन्द शर्मा, साईं इंटरप्राइजेज, पता-स्टेशन कॉलोनी, थाना झींकपानी द्वारा अनाधिकृत रूप से अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय प्रकोष्ट में प्रवेश कर निविदा कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए अन्य वेन्डरों के समक्ष अधोहस्ताक्षरी एवं निविदा कार्य में संलग्न कर्मचारियो के साथ आमर्यादित व अपशब्द भाषा का प्रयोग करते हुए अपमानित किया गया है एवं धमकी दी गई है।


