भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर के नए अंचलाधिकारी (सीओ) श्रवण कुमार झा ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान अंचलाधिकारी हरीशचंद्र मुंडा ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रभार सौंपा। हरीशचंद्र मुंडा का हाल ही में एसडीओ के पद पर पदोन्नति हुई है। पदभार ग्रहण करते ही सीओ श्रवण कुमार झा सक्रिय मोड में नजर आए। उन्होंने अंचल कार्यालय के सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जनता को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने की स्थिति उत्पन्न न हो। सीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी राजस्व कर्मचारी एवं कार्यालय लिपिक प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों की निष्पादन रिपोर्ट एवं प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर दिया।


