सिविल लाइन रोड स्थित भाजपा दफ्तर में जिला अध्यक्ष पद को लेकर रायशुमारी शुरू हो गई है। पार्टी की ओर से नियुक्त किए गए प्रतिनिधि बंद कमरे में एक-एक कर चर्चा कर रहे हैं। रायशुमारी के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रतिनिधियों को बुलाया गया है। अध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन नाम की पर्ची लेकर चर्चा की जा रही है। जिला अध्यक्ष का नाम तय करने के लिए भाजपा की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी कांत देव सिंह, सदानंद गोड़बोले, अश्विनी चढ़ार को बनाया गया है। रायशुमारी में बुलाए गए पार्टी नेताओं को अपनी ओर से जिला अध्यक्ष के लिए 3 नामों की पर्ची देने को कहा गया है। रायशुमारी में 17 मंडल के अध्यक्ष और उनके प्रतिनिधियों को बुलाया गया है। इसके अलावा सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत के वर्तमान और पूर्व अध्यक्ष, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी मौजूद हैं। इनकी दावेदारी मानी जा रही प्रबल वर्तमान जिला अध्यक्ष अमित नुना दोबारा जिलाध्यक्ष बन सकते हैं। इन्हें संघ का समर्थन है। इसके अलावा पूर्व बैंक अध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष किशन पटेरिया को मौका मिल सकता है। युवाओं को मिल सकता है मौका पार्टी ने अगर युवाओं को मौका दिया तो किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंशुल व्यास, आशुतोष भट्ट, महेश साहू, इंजीनियर अभय यादव, राहुल तिवारी और अश्विनी चढ़ार को मौका मिल सकता है। महिलाएं भी जता रही दावेदारी भाजपा जिला अध्यक्ष पद के लिए महिलाएं भी दावेदारी जता रही हैं। इनमें सरोज राजपूत, प्रीति शर्मा, रश्मि गोयल, लक्ष्मी गिरी, सुशीला राजपूत, पूनम अग्रवाल के नाम शामिल हैं।


