निदेशक बोले-ट्रांसफर पोस्टिंग का दबाव बनाते थे डॉ. चंदन रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार को एक डॉक्टर ने फोन पर धमकी दी है। निदेशक ने इस संबंध में बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि नामकुम के विनायका हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. चंदन कुमार ने सोमवार सुबह 7:51 बजे वॉट्सएप कॉल पर धमकी दी और गंदी-गंदी गालियां दी। उन्हें 15 दिन के भीतर रिम्स निदेशक पद से हटाने की धमकी दी। निदेशक ने कहा कि चार माह पहले उनकी डॉ. चंदन से मुलाकात हुई थी। कुछ दिनों से वह कर्मचारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर दबाव बना रहा था। एक जूनियर डॉक्टर को पढ़ाई के लिए एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग के ऊपर जगह देने को कह रहा था। इनकार करने पर उसने धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत की। पैरवी से मना किया तो निदेशक ने आरोप लगा दिया : डॉ. चंदन डॉ. चंदन ने निदेशक के आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा-मैंने न कोई गाली दी, न ही धमकी। निदेशक कोर्ट केस को लेकर जजों को फोन करने का दबाव बनाते थे। सोमवार को भी उन्होंने पैरवी का दबाव बनाया। मैंने मना किया तो वे खुद अनाप-शनाप बकने लगे। निदेशक को लंदन में जो सम्मान मिला है, उसके लिए भी मुझसे पैरवी कराई थी। मेरे पास उनका हर मैसेज उपलब्ध है। अक्सर मेरे हॉस्पिटल में आते थे। इसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।


