कवर्धा जिले में एक शख्स ने सरकारी नौकरी के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी की है। उसने पटवारी की नौकरी लगवाने के नाम पर दंपती से पैसे ऐंठ लिए। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला साहसपुर लोहरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, खम्हिरया के रहने वाले गोपेश्वर साहू ने 6 जनवरी 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया गया था कि उसकी और पत्नी की राजस्व विभाग में पटवारी पद पर नौकरी लगवाने के लिए असलम खान (39) ने 10 लाख रुपए लिए। बाद में उसने फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया और गायब हो गया। आरोपी राजनांदगांव से गिरफ्तार पुलिस ने मामले में धारा 420 के साथ 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज किया और असलम खान को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से मोबाइल, परीक्षा प्रवेश पत्र और फर्जी दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


