डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) के पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कोर्स में एडमिशन फार्म जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं रांची विश्वविद्यालय में फिलहाल यह प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है। डीएसपीएमयू में पीजी कोर्सेज में एडमिशन के लिए चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा किए जा रहे हैं। इच्छुक उम्मीदवार 18 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, डीएसपीएमयू में स्नातक के चार विषयों में खाली सीटों पर भी एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) डॉ. सर्वोत्तम कुमार ने बताया कि इन सीटों पर एडमिशन के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। छात्र 20 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद, 21 अगस्त को मेरिट लिस्ट के आधार पर एडमिशन लिया जाएगा। जिन विषयों में सीटें खाली रह गईं हैं, उनमें बॉटनी, जियोलॉजी, केमिस्ट्री और साइकोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं। आरयू में सेशन लेट, इसलिए पीजी एडमिशन शुरू नहीं रांची विश्वविद्यालय में पीजी कोर्सेज में एडमिशन के लिए अभी तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इसका मुख्य कारण स्नातक के छठे सेमेस्टर का रिजल्ट जारी न होना है। पीजी में एडमिशन के लिए स्नातक की परीक्षा पास करना अनिवार्य होता है। चूंकि अभी तक रिजल्ट घोषित नहीं हुआ है, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पीजी एडमिशन का पोर्टल नहीं खोला है।


