बिलासपुर सहकारी बैंक में दूषित भर्ती प्रक्रिया के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। बैंक ने एक शाखा प्रबंधक, 4 सहायक लेखापाल समेत 29 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। स्टाफ कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में 8 पर्यवेक्षक, 6 लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर और 10 समिति प्रबंधक शामिल हैं। इन कर्मचारियों ने पहले हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के तहत बैंक को विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया था। सभी 29 कर्मचारी बर्खास्त बैंक के सीईओ ने 4 वरिष्ठ शाखा प्रबंधकों की जांच कमेटी बनाई। कमेटी ने कर्मचारियों की व्यक्तिगत सुनवाई की और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्टाफ कमेटी ने 4, 5 और 8 अगस्त को बैठक कर सभी 29 कर्मचारियों को बर्खास्त करने का निर्णय लिया। बर्खास्त कर्मचारियों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। सुप्रीम कोर्ट ने 12 अगस्त 2025 को याचिका खारिज कर दी। बैंक ने इस मामले में हाईकोर्ट में केविएट भी दायर कर दिया है।


