रांची-मुरी रोड पर चमघटी के पास बुधवार रात भीषण सड़क हादसा हुआ। धान लदे ट्रक ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। फिर पलट गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शेख असुद्दीन, प|ी इशरत खातून, बेटा शेख अमन और मां आयशा खातून के रूप में हुई है। ये सभी कांटाटोली स्थित आजाद कॉलोनी के चिश्तिया बस्ती के रहने वाले थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। असुद्दीन अपने परिवार के साथ पश्चिम बंगाल के झालदा में एक परिचित के यहां गए थे। बुधवार रात को सभी ऑटो से लौट रहे थे। शेख असुद्दीन खुद ऑटो चला रहे थे। रात करीब 10 बजे जैसे ही वे लोग चमघटी पहुंचे, धान लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन घाटी क्षेत्र होने के कारण अनियंत्रित होकर वह पलट गया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने अनगड़ा थाने को सूचना दी। पुलिस पहुंची। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। एक घायल को सीएचसी अनगड़ा से रिम्स रेफर कर दिया गया। ड्राइवर-खलासी फरार, ट्रक जब्त अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन ड्राइवर और खलासी फरार हो चुका था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक कहां से धान लेकर आ रहा था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस के अनुसार असुद्दीन का रांची और झालदा, दोनों जगह मकान है। इसलिए वे अक्सर झालदा आते-जाते रहते थे। वे खुद ऑटो चलाकर यहां आते थे। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर राजा डेरा के पूर्व मुखिया मोतीराम मुंडा उमेश महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को इलाज के लिए भेजने में पुलिस की मदद की।


