पंजाब के फरीदकोट में सीएम भगवंत सिंह मान के दौरे से एक दिन पहले गुरुवार को दो युवक पानी की टंकी में चढ़ गए। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के पैतृक गांव संधवां में वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़े युवकों ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोनों युवक बेरोजगार सांझा मोर्चा से जुड़े हुए है। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के बेरोजगारों के मोर्चे द्वारा दोनों विभागों में नए पदों पर भर्ती शुरू करने और आयु सीमा बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि 15 अगस्त को फरीदकोट में झंडा फहराने आ रहे सीएम मान के साथ उनकी बैठक करवाई जाए। सूचना के बाद पुलिस और सिविल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और बेरोजगारों को टंकी से उतारने का प्रयास किया जा रहा है। युवक बोले- सीएम से मिलने आए
जानकारी के अनुसार, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के खाली पदों को भरने की मांग को लेकर बेरोजगार सांझा मोर्चा के नेतृत्व में लंबे समय से संघर्ष चल रहा है, लेकिन सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। मोर्चा यह भी मांग कर रहा है कि दोनों विभागों में सभी नई भर्तियों में आयु सीमा में छूट बढ़ाई जाए, लेकिन सरकार ने इस संबंध में भी कोई कदम नहीं उठाया है। इस अवसर पर बोलते हुए बेरोजगार मोर्चे के नेताओं ने कहा कि सीएम मान 15 अगस्त को फरीदकोट पहुंच रहे हैं और वे सीएम से मिलने आए थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें फरीदकोट में घुसने नहीं दिया, जिसके कारण उनके 2 साथी मनीष कुमार फाजिल्का व गुरप्रीत सिंह पक्का ,मजबूर होकर पानी की टंकी पर चढ़े है। हजारों नौकरियां देने के झूठे दावे कर रही है सरकार-मोर्चा
मोर्चे के प्रदेश संयोजक हरजिंदर सिंह व बलराज सिंह ने कहा कि सरकार, हजारों नौकरियां देने के झूठे दावे किए जा रहे है पर हकीकत में सरकार ने किसी विभाग में नई भर्ती नहीं की है। बेरोजगार नौजवान सड़कों पर धक्के को मजबूर हो रहे है। जब तक प्रशासन उन्हें सीएम से मुलाकात का आश्वासन नहीं देता, तब तक उनके साथी भी पानी की टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे।


