धमतरी में 1000 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा:स्कूली बच्चों ने थामा विशाल तिरंगा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अंतिम रिहर्सल में की तैयारियों की समीक्षा

छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक विशेष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा घड़ी चौक से शुरू होकर नगर निगम तक पहुंची। इसमें स्कूली बच्चों ने 1000 मीटर लंबे तिरंगे को संभाला। यात्रा के दौरान सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। रास्ते में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई और भारत माता की महाआरती की गई। यात्रा का समापन नगर निगम में हुआ। यहां सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि 2014 के बाद से देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान से देश की एकता का संदेश मिलता है। पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि देश भर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। लोगों में देशप्रेम का भाव और तिरंगे के प्रति सम्मान देखने को मिल रहा है। उन्होंने तिरंगे को देश की आन, बान और शान बताया। एकलव्य खेल परिसर में अंतिम रिहर्सल जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में अंतिम रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस साल पहली बार जिले में समीक्षा क्रम और सलामी दी जाएगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अंतिम रिहर्सल में तैयारियों की समीक्षा की। रिहर्सल में मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी गतिविधियों का सफल अभ्यास हुआ। इसमें परेड निरीक्षण, ध्वजारोहण, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन और मार्च पास्ट शामिल थे। साथ ही हर्ष फायर, प्लाटून कमांडरों से परिचय और पुरस्कार वितरण का भी अभ्यास किया गया। अजय चन्द्राकर करेंगे ध्वजारोहण मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे डॉ. शोभाराम देवांगन स्कूल परिसर में होगा। कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रगान के बाद मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा जाएगा। शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *