सरगुजा कांग्रेस ने गुरुवार शाम कांग्रेस कार्यालय से नगर के मुख्य मार्गों पर मशाल रैली निकाली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश सह-प्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा कि यह लड़ाई वोटों की चोरी रोकने की है और कांग्रेस किसी को भी यह अधिकार नहीं देगी कि वह जनता का वोट चुरा सके। कांग्रेस का मशाल जुलूस शाम 8 बजे निकला। यह कलेक्टोरेट चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक होते हुए महामाया चौक पहुंचा, जहां यात्रा का समापन किया गया। कांग्रेसियों ने पूरे रास्ते नारेबाजी कर विरोध जताया। वोटों के अधिकार की लड़ाई प्रदेश सह-प्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा कि, यह वोटों के अधिकार की लड़ाई है। सबने देखा कि किस तरह वोट चोरी का खुलासा हुआ है। हम सभी राहुल गांधी के संघर्ष में एक साथ खड़े हैं। चाहे बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक हो या छत्तीसगढ़ के सरगुजा और रामानुजगंज पूरे देश में वोटों की चोरी हो रही है। भाजपा और चुनाव आयोग पर आरोप पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग मिलकर वोटों की चोरी कर रहे हैं। इसी के दम पर भाजपा देशभर में सरकार बना रही है। देश संवैधानिक संकट से गुजर रहा है, फर्जी वोटर लिस्ट बनाकर चुनाव जीते जा रहे हैं और जनता पर जुल्म हो रहा है। मशाल जुलूस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंहदेव, शफी अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक प्रदेश सह-प्रभारी जरीता लैतफलांग ने गुरुवार को सरगुजा संभाग के 6 जिलों के संगठन की मैराथन बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में ली। कांग्रेस ने बेलगावी अधिवेशन में वर्ष 2025 में संगठन को मजबूत करने का निर्णय लिया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 31 जुलाई तक मंडलों और उनकी समितियों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया है। बैठक में जरीता लैतफलांग ने कहा कि संगठन सृजन का मुख्य उद्देश्य युवा ऊर्जा और अनुभव के तालमेल से राष्ट्र की सेवा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडल, सेक्टर और बूथ समितियों के गठन का आधार योग्यता होगी। किसी भी समिति में पक्षपात पाए जाने पर उसे तत्काल भंग कर दिया जाएगा। इस बैठक में पूर्व विधायक अम्बिका सिंहदेव, विनय भगत, विनय जायसवाल, यूडी मिंज, श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद, सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता, अजजा आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, भगवती राजवाड़े, केपी सिंहदेव समेत संभाग के 49 सांगठनिक ब्लॉक के प्रभारी और अध्यक्ष उपस्थित रहे।


