रायगढ़ जिले के अंबेडकर आवास की इमारत गुरुवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। ऊपरी मंजिल की बाउंड्रीवॉल अचानक भरभरा कर गिर गई। उसी समय नीचे एक बच्ची मौजूद थी, जो बाल-बाल बच गई। घटना वार्ड क्रमांक 24 के आईटीआई कॉलोनी के पास की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत के जर्जर हालात लंबे समय से चिंता का विषय हैं, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। बारिश के मौसम में यहां रहना और भी खतरनाक हो जाता है। बारिश से पहले भी गिर चुकी दीवार कुछ समय पहले ऊपरी मंजिल के एक घर की दीवार भी बारिश के कारण गिर चुकी है। गनीमत रही कि उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। हालांकि, दीवार टूटकर बाहर की ओर गिरी थी, लेकिन अंबेडकर आवास में इस तरह की घटनाएं आए दिन हो रही हैं। बिजली आपूर्ति भी प्रभावित गुरुवार को बाउंड्रीवॉल गिरने से पास से गुजर रहे बिजली के तार भी टूट गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और निगम को सूचना दी। 200 से अधिक मकान जर्जर अंबेडकर आवास में रहने वाले लोगों ने बताया कि यहां करीब 200 से 300 मकान हैं, जिनका निर्माण लगभग 17 साल पहले हुआ था। ज्यादातर मकान जर्जर हो चुके हैं, विशेषकर ऊपरी मंजिल के। बारिश में घरों के भीतर पानी टपकता है, और लोगों को तिरपाल लगाकर रहना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत और पुनर्निर्माण नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


