छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को एक दोस्त ने दूसरे दोस्त का चाकू से गला रेत दिया। दोनों शराब पी रहे थे। इसी बीच दोनों में विवाद हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सर्वमंगला फोकटपारा में निकोलस पाल और मुकेश दुबे शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर निकोलस ने मुकेश के गले पर चाकू से हमला कर दिया। मुकेश के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मुकेश का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी पीड़ित के परिजनों ने बताया कि, जब मुकेश घर पहुंचा तो वह खून से लथपथ था। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मुकेश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी फरार कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि आरोपी निकोलस पाल के खिलाफ धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।


