एचइसी सप्लाई कर्मियों का आंदोलन शुक्रवार को 45वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों के समर्थन में सभी सप्लाई कर्मियों ने शुक्रवार को भूख हड़ताल किया। सभी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक भूख हड़ताल पर रहे। सप्लाई कर्मियों के समर्थन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, कांग्रेस नेत्री सुंदरी तिर्की भी आगे आए। इस मौके पर सुबोधकांत सहाय ने कहा कि सप्लाई कर्मियों की मांगे जायज हैं। ये कोई नई मांग नहीं कर रहे हैं। सुंदरी तिर्की ने कहा कि हम सप्लाई कर्मियों के आंदोलन के साथ हैं। मौके पर दिलीप सिंह, रंथू लोहरा, वाई त्रिपाठी, मनोज पाठक व अन्य मौजूद थे। पुरानी सुविधाओं को फिर से बहाल करने की मांग भूख हड़ताल पर बैठे सप्लाई कर्मियों का कहना था कि उनकी कोई नई मांग नहीं है। सप्लाई कर्मी सिर्फ पूर्व में जो सुविधाएं दी जा रही थीं और बाद में बंद कर दी गईं, उसे फिर से बहाल करने की मांग कर रहे हैं। इनमें रविवार की छुट्टी का वेतन और सितंबर 2023 से जनवरी 2024 तक का वेतन देने की मांग शामिल हैं। बता दें कि एचईसी के सप्लाई कर्मियों के आंदोलन से कई काम खासकर डिस्पैच प्रभावित हो रहा है।


