महासमुंद| रायपुर रोड में नाली जाम होने से सड़क पर पानी भरने की शिकायत पर नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शुक्रवार को टीम भेजकर नाली की सफाई कराई। लोगों को इस समस्या से निजात मिल पाया। रायपुर रोड में गणेश चॉइस सेंटर के सामने नाली जाम हो गया था। नाली जाम होने की शिकायत पालिका अध्यक्ष साहू को मिली। नाली जाम होने से सड़क पर पानी भर गया था। जिससे वाहन चालकों व पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। श्री साहू ने सूचना मिलते ही सफाई प्रभारी और कर्मचारियों को नाली की सफाई करने के निर्देश दिए। जिस पर कर्मचारियों ने जाम नाली का स्लैब हटाकर नाली में जमे कचरे की सफाई की। सफाई के बाद सड़क पर भरा पानी स्वतः ही नाली में बह गया। नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नागरिकों से अपील की है कि घर या दुकानों से निकलने वाले कचरे को नाली में न डाले। नाली में कचरा डालने से नाली जाम हो जाता है। जिससे गंदा पानी बाहर सड़क पर फैल जाता है। उन्होंने शहर वासियों को नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करने का निवेदन किया है। इस मौके पर सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर व कर्मचारी गण मौजूद थे।


