झूलों की ऑडिट, मंदिर मार्ग की सड़कें ठीक करने, पानी के पुख्ता इंतजाम की मांग उठी

भास्कर न्यूज | जालंधर श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में वार्षिक मेला इस बार 6 सितंबर को श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। हर वर्ष की तरह मंदिर में तैयारियां जोरों-शोरों से चल रहीं हैं। बाबा सोढल के दर्शन के लिए भक्त पंजाब से ही नहीं, बल्कि देश-विदेशों से आते हैं। मेले को 11 दिन शेष रह गए हैं। हालांकि मेले के रूट प्लान में आती सड़कें इस कदर बदतर हैं कि जब भारी भीड़ होगी तो श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। मंगलवार को श्री सिद्ध बाबा सोढल सुधार सभा के सदस्यों ने डीसी ऑफिस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मीटिंग की। सभा के प्रधान पकंज चड्‌ढा, यश पहलवान, एडवोकेट युवराज, संजू अरोड़ा, रजनीश अरोड़ा, संदीप शर्मा, सोनू कुमार व अन्य ने अधिकारियों को सिद्ध बाबा सोढल मंदिर के आसपास की समस्या के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर की तरफ जाने वाली सड़क की हालत खराब है। बरसात के मौसम में इस रोड पर चलना और भी मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए व्यापक प्रबंध करने की मांग रखी गई। वहीं एडीसी जनरल अमनिंदर कौर, डीसीपी (ऑपरेशन) नरेश डोगरा व अधिकारियों ने चड्ढा बिरादरी की समस्याओं को ध्यान से सुना। उन्होंने कहा कि मेले से पहले मंदिर मार्ग और आसपास की तमाम समस्याओं का जल्द हल करवाया जाएगा। ट्रस्टी तरसेम कपूर ने बताया कि अगले महीने 6 सितंबर को श्री सिद्ध बाबा सोढल का वार्षिक मेला श्रद्धापूर्वक करवाया जाएगा। लेकिन प्रशासन की ओर से मंदिर की तरफ साफ-सफाई का कोई ध्यान नहीं है। मेला जालंधर सिटी, पंजाब का नहीं बल्कि देश-विदेशों का मेला है। मंदिर के आस-पास की सड़कें खराब हैं। मंदिर को सुंदर बनाने की तैयारियां करते हुए कारीगर। यहां पर देश-विदेश से श्रद्धालु बैंड-बाजों के साथ बाबा सोढल के दर्शन करने के लिए आते है। मंदिर से गुजरने वाले रास्ते जैसे की सोढल फाटक से मंदिर, मंदिर से दोआबा चौक, काली माता मंदिर व अन्य मंदिर के आस-पास कचरे की समस्या बरकरार है। 1. झूलों का प्रशासन के अधिकारी सेफ्टी ऑडिट करें। प्रवेश मार्ग, ट्रैफिक मैनेजमेंट सहित झूलों की चेकिंग हो । 2. बरसात के दिन चल रहे हैं, जिससे अंडर ब्रिज में पानी भर जाता है। पानी की निकासी के लिए अंड ब्रिज में दो मोटर लगवाई जाएं। 3. वृक्षों की कटाई करवाई जाए। 4. रोड पर एलआईडी लाईटें लगाई जाएं। 5. मंदिर इलाके के चार से पांच किलोमीटर के दायरे में पड़ने वाली मीट और शराब की दुकानें बंद करवाई जाएं। 6. मेले के दौरान 24 घंटे पानी, बिजली का विशेष प्रबंध हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *