सीबीआई के अनुरोध पर इंटरपोल ने मंगलवार को कुख्यात आतंकी सैयद मोहम्मद अर्शियान उर्फ हैदर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। मूल रूप से जमशेदपुर के मानगो का रहने वाला 40 वर्षीय हैदर भारत सहित कई देशों में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने का आरोपी है। हैदर संगठन में अपने नाम ‘हैदर’ से कुख्यात है और ड्रोन हमले की तकनीक में माहिर माना जाता है। वर्ष 2017 में उसे तुर्की में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन फिलहाल उसकी लोकेशन अज्ञात है। इसी वजह से सीबीआई ने इंटरपोल से मदद मांगी थी। नोटिस जारी होने के बाद हैदर का नाम अब सीबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर उन आतंकियों की सूची में शामिल हो गया है, जिन पर रेड कॉर्नर नोटिस लागू है। एएमयू से इंजीनियरिंग कर बना ‘आतंकवाद का इंजीनियर’: हैदर ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने आतंकी संगठनों से जुड़कर ड्रोन हमले की ट्रेनिंग ली और इस तकनीक में महारत हासिल की। -शेष पेज 9 पर


